ऊर्जा मंत्री के गांव पहुंचे पप्पू यादव, बाढ़ राहत पर उठाए सवाल
राघोपुर में बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा, 100 से अधिक महिलाओं को दी आर्थिक मदद
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंगलवार को खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। राघोपुर बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का गांव है। सांसद ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए।
पप्पू यादव ने राघोपुर के वार्ड संख्या 8 और 9 में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से 100 से अधिक बाढ़ प्रभावित महिलाओं को आर्थिक सहायता दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों तक पर्याप्त राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने सरकार से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में तेजी लाने की मांग की।
सांसद ने लापता बादल मंडल के परिजनों से मुलाकात कर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। वहीं सिकंदर मंडल के परिजनों को भी 25 हजार रुपये की मदद की। उन्होंने बाढ़ में सिकंदर मंडल की नाव डूबने से हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सरकार से उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की।
पप्पू यादव ने कहा कि राघोपुर समेत आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक भोजन, दवा और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचनी चाहिए।
