छठ की आस्था में घुला भाईचारे का रंग, मखदूम शाह दरगाह घाट पर हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल

डेस्क बिहार भागलपुर
14-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार

छठ की आस्था में घुला भाईचारे का रंग, मखदूम शाह दरगाह घाट पर हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल

भागलपुर बिहार के प्रमुख पर्वों में शुमार लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। सूर्य उपासना के इस महापर्व को लेकर भागलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, लाइटिंग और छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। लेकिन भागलपुर के नाथनगर स्थित चंपानगर के मखदूम शाह दरगाह घाट की तस्वीर कुछ खास है। यहां छठ की तैयारियों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हैं। जहां धर्म की दीवारें टूटती हैं और इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे की मिसाल देखने को मिलती है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं भगवान भास्कर और छठी मैया की आराधना करेंगी। इसे लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से विभिन्न गंगा घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। वहीं चंपा नदी घाट पर पूजा समिति के अध्यक्ष नेतृत्व में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इधर, नाथनगर के विभिन्न छठ घाटों पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन चंपानगर स्थित मखदूम शाह दरगाह घाट की तस्वीर सामाजिक सौहार्द की एक खूबसूरत मिसाल पेश कर रही है। यहां छठ पूजा की तैयारियों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिलकर जुटे हुए हैं।
घाट की साफ-सफाई से लेकर व्रतियों की सुविधा तक, मुस्लिम समुदाय के लोग भी पूरे सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका प्रयास है कि छठ व्रत करने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
यहां न कोई मजहब की दीवार है और न ही धर्म का भेदभाव। दोनों समुदायों के लोग आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे के साथ घाट को तैयार करने में जुटे हैं। मखदूम शाह दरगाह घाट की यह तस्वीर बताती है कि आस्था अलग-अलग हो सकती है, लेकिन इंसानियत और मोहब्बत का रिश्ता सबसे बड़ा होता है बता दें कि नाथनगर में कुल सात छठ घाट हैं, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
कुल मिलाकर, छठ महापर्व की तैयारियों के बीच मखदूम शाह दरगाह घाट से सामने आ रही यह तस्वीर सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का मजबूत संदेश दे रही है। यही तो बिहार की असली पहचान है, जहां पर्व किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज की खुशियों और एकजुटता का प्रतीक बन जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!