Zaki Hamdm
एक सप्ताह के अंदर स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध कराई जाएगी परिक्रामी निधि, सीमावर्ती युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने पर भी जोर
किशनगंज। जिले में जीविका दीदियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से अब ‘शी मार्ट’ खोले जाएंगे। इसको लेकर जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
बुधवार, 25 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जीविका कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने जीविका दीदियों के उत्पादों की बिक्री के लिए शी मार्ट खोलने तथा इसके लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और नगर परिषद के शहरी आजीविका मिशन के सहयोग से उपयुक्त स्थान आवंटित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा को जिले की जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी रणनीति बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने रोजगारपरक प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
बैठक में महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने सीजन शुरू होने से पहले चायपत्ती का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, ड्राइव मोड में एक सप्ताह के भीतर निर्धारित जीविका स्वयं सहायता समूहों को परिक्रामी निधि उपलब्ध कराने तथा बैंक लिंकेज के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जीविका सुधा बिक्री केंद्र, मुर्गीपालन, बकरीपालन और मछलीपालन से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई। जीविका सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र के संचालन का विस्तार करने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जीविका सामुदायिक संगठन, बुक्स ऑफ रिकॉर्ड, वित्तीय समावेशन, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से डीएम को अवगत कराया।
इसके साथ ही जीविका दीदियों की नर्सरी, जीविका भवन, जीविका लाइब्रेरी, सिलाई घर, जीविका दीदी की रसोई, सफाई घर और लॉन्ड्री सेवा जैसी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जीविका परियोजना प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
