महापौर डॉ० बसुन्धरा लाल की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न; शहर के चौमुखी विकास, पारदर्शिता और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा।

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

महापौर डॉ० बसुन्धरा लाल की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न; शहर के चौमुखी विकास, पारदर्शिता और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा।

भागलपुर: आज दिनांक 26.11.2026 को नगर निगम, भागलपुर के सभागार में महापौर डॉ० बसुन्धरा लाल की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर डॉ० सलाहउद्दीन अहसन, नगर आयुक्त तथा सशक्त स्थायी समिति के सदस्यगण—संजय कुमार सिन्हा, निकेश कुमार, अभिषेक आनंद, डॉ० प्रीति शेखर एवं मनीष कुमार उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में गत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि पर विचार किया गया, जिसके उपरांत शहर की बुनियादी सुविधाओं, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न मुख्य एवं अन्यान्य प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक विमर्श किया गया।
महापौर डॉ० बसुन्धरा लाल के प्रस्ताव पर वार्ड संख्या 50 स्थित मिरजानहाट रोड में ट्रांसफर स्टेशन को स्थानांतरित कर आधुनिक चार्जिंग स्टेशन सहित मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण तथा सिकंदरपुर पानी टंकी स्थित निगम गोदाम से शीतला स्थान चौक तक ढक्कन सहित आर०सी०सी० नाला निर्माण पर विचार किया गया।
स्टेशन चौक से टी०एन०बी० कॉलेज (परबत्ती होते हुए) तक फुटपाथ निर्माण, वार्ड 14 (एम०एम० कॉलेज से बरईचक होते हुए यूनिवर्सिटी मेन रोड) में पी०सी०सी० पथ व नाला निर्माण, वार्ड 16 (रामसर गोभीबाड़ी) में सम्प हाउस सहित सड़क-नाला निर्माण तथा वार्ड 27 में मायागंज रोड से पंडित टोला तक अधूरे नाले व सड़क को पूर्ण करने जैसे जनहित के कार्यों पर चर्चा हुई।
शहरी सड़कों के वर्गीकरण, टूटे नालों के ढक्कन व कल्वर्ट की आकस्मिक मरम्मत तथा आदर्श कॉलोनी (उर्दू बाजार) स्थित हथिया नाला की उड़ाही कराने पर बल दिया गया।
उप महापौर डॉ० सलाहउद्दीन अहसन के प्रस्ताव पर वार्ड संख्या 05 स्थित गुदड़ी बाजार की 07 कट्ठा से अधिक निगम भूमि पर मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाने तथा वार्ड संख्या 15 के तातारपुर स्थित निगम गोदाम की पश्चिमी दीवार की ओर दुकानों का निर्माण कर आय के नए स्रोत विकसित करने पर विचार हुआ।
वार्ड संख्या 08 में 93 लाख रुपये की लागत से निर्मित बिहार के पहले वेंडिंग जोन की शेष दुकानों के नियमानुसार आवंटन एवं लंबित किराया वसूली को सुचारू बनाने पर चर्चा की गई।

शहरी सौंदर्यीकरण एवं ऐतिहासिक धरोहर:शहर की सुंदरता बढ़ाने हेतु वार्ड संख्या 04 (चम्पापुल), वार्ड 05 (नाथनगर स्टेशन के बाहर व प्राथमिक विद्यालय के निकट), रेलवे फाटक अलीनगर, यूको बैंक के सामने तथा वार्ड संख्या 39 के आठ प्रमुख स्थलों पर सौंदर्यीकरण के साथ ‘आई लव भागलपुर’ बोर्ड लगाने के प्रस्तावों पर विमर्श हुआ।
वार्ड 05 के सुभाष चौक (टमटम चौक) पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को भव्य रूप देने, वार्ड 04 के बाबू टोला स्थित पोखर के जीर्णोद्धार (चारदीवारी व सीढ़ी घाट निर्माण), सभी वार्डों में साइनेज बोर्ड लगाने तथा पूर्व की बैठक के अनुरूप क्लीवलैंड स्मारक का नाम बदलकर तिलकामांझी स्मारक स्थापित करने की अद्यतन कार्रवाई की समीक्षा की गई।

आगामी शीतलहर को देखते हुए गरीब एवं असहाय लोगों के बीच अविलंब कंबल वितरण सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक वार्ड में 300 कंबल तथा महापौर व उप महापौर को 500-500 कंबल उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।
पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु प्रत्येक वार्ड में 100 से 150 नई एल०ई०डी० लाइट लगाने और खराब पड़े हाई मास्ट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने पर चर्चा की गई।
सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति एवं परियोजना समीक्षा:सभी 51 वार्डों के लिए चयनित नई सफाई एजेंसी की निविदा शर्तों, संसाधनों और कार्ययोजना का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
बुडको द्वारा प्रस्तावित जलापूर्ति योजना, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, 19 डीप बोरिंग पर ऑपरेटरों की बहाली, वार्ड 45 (पोखर गली) में काजीचक डीप बोरिंग निर्माण तथा सभी पार्षद कार्यालयों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करने पर विचार हुआ।साथ ही, लॉजीकूप कंपनी द्वारा हटाए गए कर संग्राहकों के बकाया भुगतान एवं शेष कर्मियों को निगम में समायोजित करने के मुद्दे पर भी सहानुभूतिपूर्वक चर्चा की गई।

सदन में लिगेसी वेस्ट (बायोमाइनिंग) परियोजना की प्रगति, निविदा प्रक्रिया एवं अब तक हुए भुगतान का विस्तृत अभिलेख प्रस्तुत करने, छठ व अन्य पर्व-त्योहारों में हुए व्यय का ब्यौरा रखने, निगम के सभी बैंक खातों एवं उपलब्ध राशि की स्थिति स्पष्ट करने तथा विकास कार्यों की निविदा (NIT) शीघ्र प्रकाशित करने को लेकर सदस्यों द्वारा रखे गए बिंदुओं पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही गई।

बैठक के अंत में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!