मध्य विद्यालय भरोखर से मध्याह्न भोजन के 17 बोरा चावल चोरी, बाउंड्री व चौकीदार के अभाव पर उठे सवाल,शिक्षा विभाग से बाउंड्री वॉल व सीसीटीवी की मांग

डेस्क बिहार भागलपुर
27-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार

मध्य विद्यालय भरोखर से मध्याह्न भोजन के 17 बोरा चावल चोरी, बाउंड्री व चौकीदार के अभाव पर उठे सवाल,शिक्षा विभाग से बाउंड्री वॉल व सीसीटीवी की मांग

 

जगदीशपुर प्रखंड के संहौली पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय भरोखर में गुरुवार की रात चोरी की घटना हुई। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के भंडार कक्ष का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन योजना के तहत रखे गए 17 बोरा चावल चुरा लिए। घटना का पता शुक्रवार की सुबह विद्यालय खुलने पर चला।
प्रधानाध्यापक राजीव रंजन ने इस संबंध में बाईपास थाना को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन पत्रांक 55, दिनांक 27.11.26 के माध्यम से दिया गया। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
प्रधानाध्यापक ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि विद्यालय में न तो चारदीवारी है और न ही चौकीदार की व्यवस्था है। इसी कारण विद्यालय की संपत्ति असुरक्षित है और चोरों ने रात के अंधेरे का लाभ उठाकर घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने पर संहौली पंचायत के मुखिया मरगूब विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह चोरी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे समाज की चोरी है। जिनके बच्चे इस विद्यालय में पढ़ते हैं, यह उनके घर की चोरी के समान है।
मुखिया मरगूब ने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा के लिए शिक्षा विभाग को अविलंब बाउंड्री वॉल का निर्माण कराना चाहिए तथा सीसीटीवी की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास इतनी राशि उपलब्ध नहीं है कि विद्यालय की बाउंड्री का निर्माण कराया जा सके। विभाग के पास पर्याप्त राशि है, इसलिए विभाग को ही इस दिशा में पहल करनी चाहिए।
मुखिया मरगूब ने कहा कि विद्यालय में अवकाश के दिनों में भी बच्चों व ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहता है। बाउंड्री नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर का दुरुपयोग होता है। बाउंड्री के निर्माण से विद्यालय परिसर सुरक्षित रहेगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि विद्यालय समाज की धरोहर है। दिन में शिक्षक विद्यालय की देखरेख करते हैं, लेकिन रात्रि में विद्यालय की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
17 बोरा चावल चोरी होने से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के मध्याह्न भोजन के संचालन में बाधा उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने विद्यालय में शीघ्र बाउंड्री निर्माण एवं चौकीदार की तैनाती की मांग की है।
बाईपास थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!