किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बहादुरगंज में 402 लीटर विदेशी शराब बरामद, कार जप्त

किशनगंज। पुलिस अधीक्षक किशनगंज के अनुश्रवण में शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहादुरगंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र अंतर्गत गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान में पुलिस ने 402.67 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है। साथ ही एक कार को भी जप्त किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को बहादुरगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज की ओर से एक कार के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप अररिया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एनएच-327ई पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नं-WB74AM4913) पुलिस को देखते ही तेज रफ्तार में भागने लगी।

भागने के क्रम में स्कॉर्पियो चालक ने अररिया जाने वाली सड़क पर एक ट्रक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई, जिसमें कुल 402.67 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

इस संबंध में बहादुरगंज थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!