संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर-3 निवासी आनंद कुमार सोनी पर 1 करोड़ रुपए के जेवरात चोरी का आरोप लगा है। यह आरोप बरारी थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर निवासी अनिरुद्ध अंबेडकर ने लगाया है।
अनिरुद्ध अंबेडकर का कहना है कि घर से कीमती जेवरात गायब हो गए। जब उन्होंने पत्नी से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि जेवर घर से चोरी हुए हैं। इसके बाद बेटे से पूछने पर उसने कबूल किया कि उसने अपने दोस्त पियूष को जेवर दिए थे। बदले में पियूष ने उसे 25 हजार रुपए दिए, जिससे उसने दोस्तों संग जन्मदिन की पार्टी मनाई।
घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस हरकत में आई और आनंद कुमार सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
इस बीच आनंद कुमार सोनी की पत्नी पूजा कुमारी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि न तो उनके पति और न ही उनके बेटे का इस चोरी से कोई संबंध है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 24 घंटे से पुलिस हिरासत में उनके पति के साथ मारपीट की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। चोरी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।
