कांग्रेस-राजद पर फूटा गुस्सा, विजय सिंहा और अनुराग ठाकुर बोले– पीएम की मां का अपमान नहीं करेगा बिहार माफ

 

रिपोर्ट — अमित कुमार, भागलपुर

भागलपुर। भागलपुर में आयोजित युवा शंखनाद कार्यक्रम के दौरान बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिंहा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। दोनों नेताओं ने दरभंगा की हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय सिंहा ने कहा कि किसी की मां को गाली देना ही कांग्रेस और राजद की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस अपमान को कभी भूलने वाली नहीं है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-राजद गठबंधन को कड़ा सबक सिखाएगी।

वहीं, अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस-राजद को जवाब देंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “बिहार की जनता मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”

नेताओं ने कहा कि यह मामला केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि हर मां की गरिमा से जुड़ा है और जनता इसका हिसाब चुनाव में जरूर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!