शर्मिला कुमारी, संवाददाता गलगलिया (किशनगंज):
दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल सुबलजोत के कार्यक्षेत्र में केन्द्रीय मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ स्थानीय सांसद श्री राजू विस्टा, सशस्त्र सीमा बल के महानिरीक्षक (सीमान्त सिलीगुड़ी) श्री वंदन सक्सेना तथा 8वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री मितुल कुमार उपस्थित थे।
मंत्री श्री रिजिजू ने गत 05 अक्टूबर को हुई विनाशकारी आपदा से प्रभावित क्षेत्रों — मिरिक, टोकलोंग और टिंगलिंग — का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता व राहत दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर स्तर पर तत्पर है। इस मौके पर श्री रिजिजू ने 8वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों द्वारा किए गए उत्कृष्ट राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की और उनकी तत्परता को प्रेरणादायक बताया।
दौरे के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने 8वीं वाहिनी की सीमाचौकी टिंगलिंग परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन, एसएसबी के अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
