कोचाधामन में तेजस्वी यादव की चुनावी रैली में उमड़ा जनसैलाब कहा सरकार बनी तो किशनगंज AMU को करेंगे चालू, हर घर को मिलेगी नौकरी”

रिपोर्ट – ज़की अनवर, किशनगंज (बिहार)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र में आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार मास्टर मुजाहिद आलम के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आगमन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कोचाधामन प्रखंड क्षेत्र के मैदान में आयोजित इस जनसभा में लोगों का जनसैलाब देखने को मिला। मंच पर पहुँचते ही समर्थकों ने तेजस्वी यादव का जोरदार स्वागत किया और “राजद जिंदाबाद” व “तेजस्वी यादव जिंदाबाद” के नारे गूंज उठे।

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजद की सरकार बनते ही किशनगंज में बंद पड़े अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) केंद्र को फिर से चालू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने वादा किया कि किशनगंज में मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा, जिससे सीमांचल के लोगों को बाहर इलाज के लिए नहीं जाना पड़े।

तेजस्वी ने कहा, “हमारी सरकार बनी तो हर घर से एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा हर महिला को 2500 रुपये प्रतिमाह सहायता राशि दी जाएगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि “कटान और धसान की समस्या से सीमांचल के लोगों को स्थायी राहत दिलाई जाएगी। राजद की सरकार आने पर इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।”

सभा में राजद प्रत्याशी मास्टर मुजाहिद आलम ने भी जनता से अपील की कि वे विकास, शिक्षा और रोजगार के लिए राजद को मौका दें ताकि सीमांचल को उसका हक मिल सके।

सभा स्थल पर आसपास के गाँवों से आए लोगों की भीड़ देर शाम तक बनी रही। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!