अनवर आलम दिघलबैंक
किशनगंज। जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत गर्भनडांगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के तलवारबंधा गांव निवासी लगभग 60 वर्षीय महिला उमेदा खातून का शव गांव स्थित कब्रिस्तान के समीप मक्का के खेत से बरामद किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
मृतका की पहचान नजमुद्दीन उर्फ बामका की पत्नी उमेदा खातून के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की स्थिति काफी भयावह थी। आशंका जताई जा रही है कि महिला की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गर्भनडांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना के बाद गांव के लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
