ज़की हमदम किशनगंज। बिहार सरकार के राजस्व विभाग के अपर सचिव श्री महेंद्र पाल ने शुक्रवार को अंचल ठाकुरगंज अंतर्गत पौवाखाली हल्का में चल रहे फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के पंजीकरण की प्रगति, कार्य की पारदर्शिता तथा मौके पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
अपर सचिव ने संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी पात्र किसानों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग मौके पर उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान श्री महेंद्र पाल ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर अंचल प्रशासन के अधिकारी, राजस्व कर्मचारी तथा स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशासन ने अपर सचिव को आश्वस्त किया कि फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाएगा।
