ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, ईद-उल-फितर और रामनवमी पर भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

ठाकुरगंज, : ईद-उल-फितर एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष मकसूद अशरफी ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान दोनों प्रमुख पर्वों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष मकसूद अशरफी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह ने कहा कि ईद-उल-फितर और रामनवमी दोनों ही महत्वपूर्ण पर्व हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल खराब करने या खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

वहीं, बीडीओ अहमर अब्दाली एवं अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने कहा कि ठाकुरगंज की धरती गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रही है। यहां के लोग हमेशा से प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने सभी से इस परंपरा को कायम रखते हुए शांति बनाए रखने की अपील की।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को फैलने नहीं देंगे।

अंत में थाना अध्यक्ष ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सकती है। बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और सभी ने मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!