दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के सफल आयोजन हेतु सशक्त स्थायी समिति की विशेष बैठक संपन्न।

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
97989448440

दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के सफल आयोजन हेतु सशक्त स्थायी समिति की विशेष बैठक संपन्न।

माननीय महापौर की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता को लेकर लिए गए कड़े निर्णय

शहर में 24 घंटे (तीन पालियों) में चलेगा विशेष सफाई अभियान; छठ घाटों पर सुरक्षा, रोशनी एवं चेंजिंग रूम की होगी समुचित व्यवस्था

एनजीटी (NGT) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कृत्रिम तालाबों में ही होगा प्रतिमा विसर्जन

आगामी दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर आज नगर निगम कार्यालय वेश्म में माननीय महापौर की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की एक विशेष समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में उप महापौर, प्रभारी नगर आयुक्त श्री राजेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के माननीय सदस्यगण, उप नगर आयुक्त, सभी नगर प्रबंधक, कार्यालय अधीक्षक, जोनल प्रभारी, सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित शाखा प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित हुए।बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी शाखाएं आपसी समन्वय से कार्य करें। कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं दिए गए आवश्यक निर्देश निम्नानुसार हैं:
1. तीन पालियों (24×7) में विशेष स्वच्छता एवं संसाधन प्रबंधन:नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूरे शहर में तीन पालियों में सफाई रोस्टर लागू किया गया है:
प्रथम पाली: प्रातः 06:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
द्वितीय पाली: अपराह्न 01:00 बजे से संध्या 07:00 बजे तक
तृतीय पाली (रात्रि): रात्रि 08:00 बजे से देर रात 01:00 बजे तक

जोन-1 (वार्ड 1 से 13) के लिए श्री पुर्णेन्दु झा, जोन-2 (वार्ड 14 से 32) के लिए मो० हसन खान, जोन -3 ( वार्ड 33 से 51) के लिए श्री पप्पू हरि को जोनल जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीनों जोनों में ट्रैक्टर, जेसीबी, हाईवा और हॉपर टीपर की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही सभी प्रमुख बाजारों, पूजा पंडालों और संपर्क पथों पर नियमित कूड़ा उठाव, चूना-ब्लीचिंग छिड़काव, एंटी-लार्वा और फॉगिंग अभियान चलाने का आदेश दिया गया। दीपावली के उपरांत विसर्जन मार्गों से अपशिष्ट एवं केला वृक्षों को त्वरित गति से हटाने का निर्देश दिया गया।

2. निगम क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले सभी चिन्हित छठ घाटों की समुचित सफाई, समतलीकरण तथा दलदली क्षेत्रों में बालू, कासल व पुआल बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर करने का निर्देश दिया गया। सभी प्रमुख घाटों पर अर्घ्य देने वाली माताओं-बहनों की सुविधा हेतु अस्थायी चेंजिंग रूम (स्नान घर) का निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, लाल कपड़े (खतरे के निशान) और चेतावनी पट्ट लगाए जाएंगे। संपूर्ण घाटों के पर्यवेक्षण हेतु 8 जोन गठित कर कनीय अभियंताओं एवं वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

3. सभी पूजा पंडालों, संपर्क मार्गों, विसर्जन पथों एवं छठ घाटों पर अधिष्ठापित विद्युत स्तंभों व हाई मास्ट लाइटों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। विसर्जन मार्गों में अवरोध बन रही पेड़ों की टहनियों की वैज्ञानिक छंटाई तथा सड़कों के गड्ढों की भराई व समतलीकरण का कार्य प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्टेशन चौक व प्रमुख स्थानों पर आमजनों व श्रद्धालुओं के लिए पेयजलस्टॉल एवं सचल शौचालय उपलब्ध रहेंगे।
4. माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करते हुए गंगा नदी के प्राकृतिक प्रवाह में प्रतिमा विसर्जन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए मुशहरी घाट, बुढ़ानाथ घाट एवं पिपली घाट सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त गहराई, रैंप, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था युक्त कृत्रिम तालाबों का निर्माण कराया जा रहा है।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें तथा पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दीपोत्सव व लोक आस्था का महापर्व मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!