अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार – बड़े अपराध की साजिश नाकाम
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर /बिहार ।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 29 मार्च को यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि जगदीशपुर अस्पताल चौक के पास हीरा यादव के फूस के झोपड़ी में कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे हैं और हथियार जमा कर रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक लोहे का देशी कट्टा और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से पंकज यादव (40 वर्ष) और अंशु कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी हीरा यादव फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हीरा यादव के दो मंजिला मकान पर भी छापेमारी की। वहां से एक और देशी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस तथा एक पेंदा ठोका हुआ कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।इस अभियान में थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी विकाश कुमार, सुधीर कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है।
