कटिहार:महानंदा चेक पोस्ट पर 200 ग्राम स्मैक जब्त: पुलिस ने एक युवक को बाइक समेत गिरफ्तार किया, न्यायिक हिरासत में भेजा गया संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित रोशना थाना क्षेत्र के महानंदा चेक पोस्ट के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 200 ग्राम स्मैक और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के लक्ष्मणनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर निवासी हनीफ शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद महानंदा चेक पोस्ट के पास सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से करीब 200 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इस कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी शिखा कुमारी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद थीं। वहीं, रोशना थाना प्रभारी मासूम कुमारी की निगरानी में जब्ती सूची तैयार की गई। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
