किशनगंज: डुमरिया भट्टा से लापता 13 वर्षीय नाबालिग का नदी किनारे मिला शव, परिजनों में कोहराम

किशनगंज: डुमरिया भट्टा से लापता 13 वर्षीय नाबालिग का नदी किनारे मिला शव, परिजनों में कोहराम

​28 मई से लापता थी मनोज साह की पुत्री मेघा, माझिया नदी के पास संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव

​किशनगंज जिला मुख्यालय के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया भट्टा वार्ड नंबर 29 से बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। मृतका का शव माझिया स्थित नदी के किनारे पाया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरिया भट्टा निवासी मनोज साह की 13 वर्षीय पुत्री मेघा कुमारी बीते 28 मई की शाम करीब 4:00 बजे अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह पास के मैदान में टहलने जा रही है। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। बच्ची के लापता होने के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य लक्ष्मण कुमार साह ने स्थानीय टाउन थाने में एक लिखित आवेदन देकर बच्ची की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी ही थी कि सोमवार को माझिया नदी के किनारे लड़की का शव मिलने की खबर आई। नदी किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही बच्ची के रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका की पहचान मेघा के रूप में की। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहलो में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!