संवाददाता मोहम्मद मुजाहिद किशनगंज
किशनगंज, जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत नयाबस्ती मुशहारा स्थित एक पेट्रोल पंप पर कथित रूप से मिलावटी पेट्रोल बेचे जाने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आम उपभोक्ताओं के साथ इस तरह की धोखाधड़ी और विश्वासघात को लेकर लोगों ने कड़ी नाराज़गी जताई है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर लंबे समय से मिलावटी ईंधन बेचा जा रहा था, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि, युवा वर्ग और समाजसेवी इस मुद्दे पर अब तक पूरी तरह खामोश बने हुए हैं। इससे लोगों में असंतोष और भी बढ़ गया है।
मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि सुबह जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, लोगों को इस बात की चिंता है कि रातभर में सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है और टंकी में मौजूद मिलावटी पेट्रोल को बदला जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि पेट्रोल पंप के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए इसे स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया, तो वे जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इस पूरे मामले ने क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें विभागीय जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

