टेढ़ागाछ: धबेली खारी बस्ती में हर साल कट जाता है रास्ता, पुल निर्माण की मांग फिर तेज
टेढ़ागाछ प्रखंड के धबेली पंचायत स्थित खारी बस्ती में विकास की पोल हर साल बरसात में खुल जाती है। यहां जाने वाली सड़क बारिश आते ही कट जाती है, जिससे स्थानीय लोगों का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह टूट जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या आज की नहीं, बल्कि वर्षों से लगातार बनी हुई है।
किशनगंज से मोहम्मद मुजाहीर की रिपोट
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और विधायक को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि सिर्फ आश्वासन ही मिला, जमीनी स्तर पर काम नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले सड़क निर्माण के लिए संवेदक आया था और उसने पुल बनाने का भरोसा भी दिया था, लेकिन आज तक न तो पुल बना और न ही स्थायी समाधान हुआ। नतीजतन, हर साल बारिश के मौसम में खारी बस्ती के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बरसात के दिनों में बच्चों का स्कूल जाना, मरीजों को अस्पताल ले जाना और रोजमर्रा के कामकाज करना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस जगह पर पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि स्थायी रूप से इस समस्या का समाधान हो सके।
