टेढ़ागाछ थाना में जनसुनवाई-सह-पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी, एसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

किशनगंज, जिले के टेढ़ागाछ थाना परिसर में मंगलवार को “जनसुनवाई-सह-पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, बुद्धिजीवी और पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भूमि विवाद, आपसी झगड़े, शराबबंदी से जुड़ी शिकायतें, साइबर अपराध, चोरी-छिनतई तथा सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दे उठाए।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है।

एसपी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम  में लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!