कार्यपालन अभियंता से मिलकर जनपद सदस्य जवाला बंजारे ने विद्युत लो वोल्टेज व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आवेदन पत्र लिखा

कार्यपालन अभियंता से मिलकर जनपद सदस्य जवाला बंजारे ने विद्युत लो वोल्टेज व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आवेदन पत्र लिखा

बिलासपुर – मस्तूरी जनपद पंचायत मस्तूरी क्षेत्र क्रमांक-17 के सदस्य जवाला प्रसाद बंजारे ने क्षेत्र में व्याप्त विद्युत समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के कार्यपालन अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ग्राम पंचायत डंगनिया के आश्रित ग्राम बिनैका एवं ग्राम पंचायत बकरकुदा में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और बढ़ते विद्युत भार के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
जवाला बंजारे ने बताया कि बिनैका गांव में लगातार बढ़ रहे विद्युत भार के कारण उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने और उपकरणों के प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की जरूरत है। इसके साथ ही सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केबलीकरण कार्य कराने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में बिनैका के तालाब क्षेत्र में विद्युत लाइन विस्तार और सुरक्षा की दृष्टि से नए बिजली खंभों की स्थापना का भी उल्लेख किया गया है। वहीं ग्राम पंचायत बकरकुदा के आवासपारा में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी गई है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सके।
जनपद सदस्य जवाला बंजारे ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। यदि प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल जाती है तो ग्रामीणों को राहत मिलेगी और बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं सुचारु हो सकेगी। उन्होंने कार्यपालन अभियंता से जनहित को ध्यान में रखते हुए मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराया जाएगा।

संवाददाता -महेंद्र सिंह राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!