किशनगंज। जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), किशनगंज की जिला स्तरीय आरसेटी कमेटी की विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आरसेटी द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विशेष प्रशिक्षणों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 407 बीपीएल प्रशिक्षुओं से संबंधित क्लेम राशि की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, एनुअल एक्शन प्लान 2026-27 के तहत 1000 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने के लक्ष्य को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, वरीय उपसमाहर्ता (बैंकिंग), जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, डीपीएम जीविका, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं निदेशक आरसेटी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
