ठाकुरगंज (किशनगंज): ठाकुरगंज प्रखंड के जिरनगच्छ पंचायत अंतर्गत झरुवाडां गांव के समीप निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत एक मजदूर पर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। आदिवासी समाज के लोगों ने सड़क निर्माण स्थल के सामने धरना देकर नाबालिग की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, पीड़िता के परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
वार्ड सदस्य दिनेश कुमार हेमरम ने कहा कि समाज की बेटियां लगातार असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नाबालिग की जल्द सकुशल बरामदगी नहीं हुई तो आदिवासी समाज बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगा।
साहेब मरांडी ने कहा कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप अत्यंत गंभीर है और पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं कुमार मुर्मू ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि नाबालिग को जल्द बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा तथा कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
पंचायत समिति प्रतिनिधि रईस कैसर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। उन्होंने दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वे पीड़ित परिवार और आदिवासी समाज के साथ खड़े हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नाबालिग की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
