रक्षाबंधन पर एसएसबी जवानों की कलाइयों पर सजा स्नेह और विश्वास का पवित्र धागा

ठाकुरगंज, किशनगंज। 19वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), ठाकुरगंज के प्रांगण में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास, आत्मीयता और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ताराचंद धानुका अकादमी के अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं छात्राओं तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की सुश्री शारदा जी एवं उनकी टीम ने एसएसबी जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी।

कार्यक्रम में 19वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो ने सभी अतिथियों, छात्राओं एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान की टीम का स्वागत करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी के संकल्प का पर्व है।

उन्होंने कहा कि बहनों द्वारा जवानों की कलाई पर बांधी गई राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति नई जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह जवानों को देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ देश की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती है।

कमांडेंट ने कहा कि एसएसबी के जवान कठिन एवं विषम परिस्थितियों में परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सेवा करते हैं। रक्षाबंधन पर बंधी राखी उन्हें यह संदेश देती है कि देश की प्रत्येक बेटी हमारी अपनी बेटी है और उसकी सुरक्षा एवं सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक चेतना और जनकल्याण के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्त भारत, स्वच्छ भारत सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

स्कूली छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री खलखो ने कहा कि वे देश का भविष्य हैं और उनके सपनों में आने वाले भारत की तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार, आत्मविश्वास को ताकत और मेहनत को अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा एसएसबी जवानों को राखी बांधने का दृश्य भावुक एवं प्रेरणादायक रहा। जवानों ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपने दायित्व को और मजबूती से निभाने का संकल्प लिया। वहीं, 19वीं वाहिनी की महिला बलकर्मियों ने भी विभिन्न संस्थानों से आए अतिथियों को राखी बांधकर स्नेह एवं भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट श्री राज कुमार खलखो ने सभी छात्राओं, अतिथियों, ब्रह्माकुमारी संस्थान की टीम तथा 19वीं वाहिनी के सभी बलकर्मियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राखी का यह पवित्र धागा राष्ट्र की एकता, बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भारत के संकल्प का प्रतीक बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!