किशनगंज बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक स्तर पर निगरानी मजबूत रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने को कहा, साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश के समय सघन जांच तथा निषिद्ध सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। इसके अलावा अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पर पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
