किशनगंज में जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु फेज-03 प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों को दी गई अहम जिम्मेदारियों की जानकारी

ठाकुरगंज (किशनगंज), भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत फेज-03 के सभी चार बैचों का प्रशिक्षण रविवार को प्लस टू हाई स्कूल, ठाकुरगंज प्रखंड में विधिवत प्रारंभ हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए किशनगंज जिला प्रभारी रंजय कुमार सिन्हा ने जनगणना कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में आधार का काम करता है। ऐसे में सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को इसे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी गई सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक समझें और उसे व्यवहार में लागू करें। साथ ही उन्होंने ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करना समय की मांग है और इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सरल बनेगी।

रंजय कुमार सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और आम जनता को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है, जिससे प्रगणक अपने कार्य को दक्षता और सटीकता के साथ पूरा कर सकें।

यह प्रशिक्षण आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!