संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर जिले में सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद नाटकीय और दर्दनाक मोड़ पर हुआ जोगसर थाना क्षेत्र के बूढ़ानाथ मंदिर में उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हे ने मंडप पर पहुंचकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया इस घटना से लड़की पक्ष के लोगों में आक्रोश और निराशा फैल गई।जानकारी के अनुसार, भागलपुर के बाथ थाना क्षेत्र निवासी शिवम कुमार और भीखनपुर की रहने वाली तुलसी कुमारी की मुलाकात अगस्त महीने में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। शिवम ने तुलसी से शादी का वादा किया, जिस पर भरोसा कर लड़की भी विवाह के लिए तैयार हो गई।बताया जा रहा है कि शिवम कोलकाता में ड्राइवर का काम करता है। करीब 20 दिन पहले उसके परिवार में एक सदस्य की मौत हो गई थी, जिसके कारण वह भागलपुर आया हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच लगातार बातचीत चलती रही। शादी की बात आगे बढ़ी तो लड़के के पिता ने खुद तुलसी को फोन कर चूड़ी का साइज तक पूछा। इसके बाद लड़के के परिवार की ओर से कुछ लोग लड़की के घर भेजे गए, जहां शगुन की रस्म भी निभाई गई। इससे दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बन गई।शादी की तारीख तय होने के बाद लड़की पक्ष ने पूरी तैयारी कर ली। विवाह का स्थान बूढ़ानाथ मंदिर तय किया गया था। गुरुवार को निर्धारित समय के अनुसार लड़की पक्ष के लोग शाम 7 बजे मंदिर पहुंच गए और दूल्हे का इंतजार करने लगे। लेकिन तय समय पर शिवम नहीं पहुंचा।
जब लड़की पक्ष ने फोन कर पूछा, तो शिवम ने ई-रिक्शा भेजने की बात कही। इस पर लड़की वालों ने कहा कि वह किसी भी साधन से आ जाएं, किराया दे दिया जाएगा। इसके बाद शिवम अपने एक दोस्त के साथ रात करीब 9 बजे बाइक से मंदिर पहुंचा मामला तब बिगड़ गया जब मंदिर प्रशासन ने विवाह से पहले जरूरी दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड और अभिभावक की उपस्थिति की मांग की। इस पर शिवम अचानक पीछे हट गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उसके इस फैसले से वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए।लड़की पक्ष ने इसे धोखा बताते हुए नाराजगी जताई और काफी देर तक मंदिर परिसर में हंगामा चलता रहा। इस घटना ने सोशल मीडिया पर पनप रहे रिश्तों की सच्चाई और भरोसे पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल, इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है और लड़की पक्ष न्याय की मांग कर रहा है।
