किशनगंज, बिहार:
बीती रात किशनगंज जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली व्यवस्था ठप हो गई और किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
आधी रात आए इस तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित गरीब तबके के लोग हुए हैं, जिनके कच्चे मकान और झोपड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कई परिवारों का आशियाना उजड़ गया, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 में भी तूफान का व्यापक असर देखा गया। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शफी अहमद ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि तूफान से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और कई लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।
शफी अहमद ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस आपदा को आधिकारिक रूप से घोषित किया जाए और प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि गरीब और किसान वर्ग के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल करने और सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने का काम अभी भी जारी है।
तूफान के बाद इलाके में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रभावित परिवार सरकार से जल्द सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
