कटिहार में पंचायत का ‘फैसला’: चोरी के आरोप में युवकों की पिटाई, वीडियो वायरल
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार जिले से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आजमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मस्जिद से चोरी के आरोप में दो युवकों को पुलिस के हवाले करने के बजाय पंचायत बैठाकर सजा सुना दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।
बताया जा रहा है कि गांव की मस्जिद से करीब 5 लाख रुपये की चोरी हुई थी। इस मामले में गांव के ही दो युवकों पर आरोप लगाया गया। लेकिन कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई और वहीं मामले का निपटारा करने का फैसला लिया। पंचायत के दौरान दोनों आरोपित युवकों की लाठी से पिटाई की गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि सिकंदर भाट की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया कि दोनों आरोपी युवक 3 मई तक 2 लाख रुपये पंचायत के माध्यम से मस्जिद कमेटी को वापस करेंगे। इस संबंध में एक लिखित इकरारनामा भी तैयार कराया गया है, जिसे पंचायत के सामने ही स्वीकार कराया गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण इलाकों में पंचायत की भूमिका अहम होती है, लेकिन इस तरह गंभीर आपराधिक मामलों को कानून के दायरे से बाहर जाकर सुलझाना न्याय व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है। खासकर जब आरोपियों के साथ मारपीट जैसे अमानवीय व्यवहार सामने आए हों।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बारसोई अनुमंडल के डीएसपी अजय कुमार ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सबकी नजर पुलिस की जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
