कटिहार: सिसिया में खुला नया डिग्री कॉलेज, ग्रामीण छात्रों को मिली बड़ी सौगात संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार कोढ़ा प्रखंड के सिसिया गांव में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अब तक उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करने को मजबूर छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में स्नातक की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नए कॉलेज का संचालन उच्च माध्यमिक विद्यालय सिसिया परिसर से किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय के कुल 10 कमरों का आवंटन किया गया है, जो जिले के अन्य नवस्थापित कॉलेजों की तुलना में बेहतर व्यवस्था मानी जा रही है। पर्याप्त कक्षाओं की उपलब्धता से छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ. चंद्रशेखर कुमार मिश्रा की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है। कॉलेज खुलने से सिसिया, महिनाथपुर, बासगाढ़ा समेत आसपास के कई गांवों के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर छात्राओं के लिए यह बड़ी राहत साबित होगी, जिन्हें दूर के कॉलेजों में पढ़ाई के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब वे सुरक्षित माहौल में अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक और शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
