बकरीद पर्व के सफल आयोजन को लेकर भागलपुर नगर निगम में महापौर ने की समीक्षा बैठक।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
आज दिनांक 25.05.26 को भागलपुर नगर निगम की महापौर डॉ० बसुन्धरा लाल की अध्यक्षता में आगामी बकरीद पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में माननीय उपमहापौर, विभिन्न वार्डों के पार्षदगण, नगर निगम की सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य शाखा प्रभारी, रौशनी शाखा प्रभारी, जलकल शाखा प्रभारी आदि उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से त्योहार के मद्देनजर शहर में लाइटिंग (प्रकाश व्यवस्था), साफ-सफाई और टैंकों के माध्यम से जलापूर्ति जैसी जन-सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर गहन चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए गए:
प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग): महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर बकरीद की नमाज अदा की जानी है, वहां रोशनी की पुख्ता व्यवस्था की जाए । रौशनी शाखा प्रभारी को आदेश दिया गया कि सभी चिन्हित पोलों की तत्काल मरम्मत कर बंद लाइटों को चालू किया जाए ।
साफ-सफाई एवं स्वच्छता: चूंकि नमाज सुबह 07.00 बजे अदा की जाएगी, इसलिए पार्षदों के सुझाव पर महापौर महोदया ने स्वास्थ्य शाखा और सफाई एजेंसी को नमाज के समय से पहले ही सी०टी०एस०, नाथनगर और अन्य सभी नमाज स्थलों की पूरी तरह से साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ।
कुर्बानी के अवशेषों (रविश) का निपटान: बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों (रविश) को किसी के घर के सामने न फेंक कर, एक निश्चित और चिन्हित स्थान पर गहरा गड्ढा खोदकर डाला जाए । आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों द्वारा इसे बाहर निकालने से रोकने के लिए गड्ढों को पूरी तरह और अच्छी तरह से ढकने का सख्त निर्देश दिया गया है ।
पेयजल की आपूर्ति: भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए नमाजियों की सुविधा के लिए सभी नमाज स्थलों पर जलकल शाखा द्वारा टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं ।
विशेष सूचना / आवश्यक नोट:
नगर निगम प्रशासन द्वारा जनहित में हाल ही में सभी 51 वार्डों में दो-दो प्याऊ का निर्माण किया गया है, जिसमें 900 फीट पाइपलाइन बिछाकर सुचारू रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। परंतु, लगातार यह शिकायत मिल रही है कि कई जगहों पर स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से मुख्य पाइपलाइन में कनेक्शन कर लिया गया है या किया जा रहा है। इस अवैध कृत्य के कारण पानी का दबाव कम हो रहा है और सभी आम नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से चेतावनी दी जाती है कि यदि किसी भी क्षेत्र में ऐसा अवैध कनेक्शन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नगर निगम द्वारा चिन्हित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में महापौर ने सभी अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी ताकि पर्व के दौरान किसी भी नागरिक या नमाजी को असुविधा का सामना न करना पड़े । इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई ।
