शिक्षक ही भविष्य के भारत के शिल्पकार : वसुंधरा लाल।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।
गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, नरगा कोठी, भागलपुर में आयोजित नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग एवं सेवा स्थायित्व प्रशिक्षण वर्ग-2026 के समापन समारोह का शुभारंभ भागलपुर की महापौर वसुंधरा लाल, कार्यक्रम के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डोकानियाँ, भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, प्रशिक्षण वर्ग के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह एवं उपप्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
महापौर वसुंधरा लाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि उन्हें इस परिसर में आने का अवसर कई बार मिला है और प्रत्येक बार यहां के आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन तथा राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विषय ज्ञान का संवाहक नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। प्रशिक्षण वर्ग में अर्जित ज्ञान, संस्कार एवं अनुभवों को अपने जीवन और विद्यालयी कार्य में उतारकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देना ही इस वर्ग की वास्तविक सार्थकता होगी। उन्होंने सभी प्रशिक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डोकानियाँ ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को सही दिशा देने का दायित्व शिक्षकों के कंधों पर है। आपने प्रशिक्षण वर्ग में जो ज्ञान, शिक्षण कौशल, अनुशासन एवं कार्यपद्धति सीखी है, वह विद्यालय जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, स्वाध्याय और नवाचार को अपनाकर ही शिक्षक विद्यार्थियों में जिज्ञासा, चरित्र और उत्कृष्टता का विकास कर सकते हैं।
वृत्त कथन प्रस्तुत करते हुए उपप्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने 20 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग की गतिविधियों, सत्रों, अभ्यासों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि वही शिक्षक वास्तव में सफल है जो निरंतर स्वयं को अद्यतन रखता है। शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों, नई शिक्षण पद्धतियों एवं तकनीकी नवाचारों को अपनाकर ही शिक्षक विद्यार्थियों का प्रभावी मार्गदर्शन कर सकता है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का आचार्य केवल अध्यापक नहीं, बल्कि संस्कारवान, राष्ट्रनिष्ठ एवं चरित्रवान नागरिकों के निर्माण का साधक होता है।
इस अवसर पर प्रशिक्षण वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित सभी प्रशिक्षार्थियों ने अपने विद्यालयों में प्राप्त प्रशिक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने तथा शिक्षा एवं संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
वर्ग के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह के द्वारा अतिथि परिचय एवं सम्मान का कार्य संपन्न हुआ ।कार्यक्रम का संचालन निशा कुमारी द्वारा किया गया। समापन के साथ ही 20 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस अवसर पर पूर्णकालिक कार्यकर्ता रमेश मणि पाठक, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, मनमोहन ठाकुर, साकेत कुमार, शंभू कुमार, आलोक कुमार, शशि भूषण मिश्रा, ऋचा कुमारी, सुप्रिया कुमारी, वंदना पांडे तथा सभी प्रशिक्षणार्थी आचार्य उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी
शशि भूषण मिश्र
