कटिहार में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद DM की बड़ी कार्रवाई

कटिहार में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद DM की बड़ी कार्रवाई

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड (पिंढात पंचायत) से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए राजस्व कर्मचारी सुनील ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें राजस्व कर्मचारी सुनील ठाकुर जमीन व राजस्व संबंधी कार्यों के एवज में एक व्यक्ति से अवैध रूप से पैसे (रिश्वत) लेते नजर आ रहे थे। जिला प्रशासन ने इस कृत्य को सरकारी सेवक की गरिमा और कर्तव्यनिष्ठा के घोर खिलाफ माना है।

निलंबन और जांच के आदेश:
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने आरोपी कर्मचारी को ‘बिहार सरकारी सेवक नियमावली-2005’ के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषी कर्मचारी के विरुद्ध आगे और भी कड़ी अनुशासनात्मक और वैधानिक (कानूनी) कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन का यह कड़ा रुख साफ संदेश देता है कि जनता के हक से खिलवाड़ और रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!