कटिहार में मोहर्रम से पहले पांच बम बरामद: कोल्ड्रिंक्स के कैरेट में छिपाकर रखे गए थे संदिग्ध विस्फोटक

कटिहार में मोहर्रम से पहले पांच बम बरामद: कोल्ड्रिंक्स के कैरेट में छिपाकर रखे गए थे संदिग्ध विस्फोटक

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

मोहर्रम पर्व से महज दो दिन पहले कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के मथुरा पंचायत में सनसनी फैल गई। यहां एक दुकान के सामने रखे ठंडा के कैरेट से पांच सुतली बम बरामद किए गए। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा पंचायत स्थित कमला जनरल स्टोर के सामने रखे एक कैरेट में संदिग्ध विस्फोटक होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही कोलासी शिविर प्रभारी सरवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और बरामद पांच सुतली बमों को कब्जे में लेकर वरीय अधिकारियों को सूचित किया।
पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी द्वितीय सुनील शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण एक भाई ने बम मंगवाए थे। हालांकि, पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। दस्ते ने बमों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उनकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस बरामद विस्फोटकों की प्रकृति, क्षमता और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
कोलासी शिविर प्रभारी सरवन कुमार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व से ठीक पहले बम बरामद होने की इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!