कटिहार के जतिन उपाध्याय बने BDO: 70वीं BPSC में हासिल की सफलता, सरकारी स्कूल से पढ़कर रचा इतिहास, प्राणपुर में हुआ सम्मान
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार। 70वीं बीपीएससी परीक्षा में प्राणपुर के जतिन उपाध्याय का प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर चयन हुआ है।
इस अवसर पर प्राणपुर प्रखंड मुख्यालय सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
त्रिस्तरीय पंचायती राज प्राणपुर के जनप्रतिनिधियों ने जतिन उपाध्याय को पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में प्रमुख अमित साह, प्राणपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीषा कुमारी, उप प्रमुख मो. रफीक, जिला परिषद सदस्य सैयदूं निशा, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सिंह,
जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष लड्डू सिंह, प्राणपुर मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद सिंह और गौरीपुर मुखिया प्रमोद कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी ने जतिन उपाध्याय को अंग वस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जतिन उपाध्याय की मां सुभद्रा उपाध्याय, बड़े भाई निपम उपाध्याय और बहन सुलोचना उपाध्याय भी मौजूद थीं।
सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया
उनकी मां ने बताया कि जतिन बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं और उन्होंने गांव में रहकर सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया है। बहन सुलोचना ने इसे भाई की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
प्रखंड प्रमुख अमित साह ने जतिन उपाध्याय को प्राणपुर के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में बीपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास करना बड़ी उपलब्धि है
और जतिन जैसे अधिकारियों से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। बीडीओ मनीषा कुमारी ने प्रशासन में ईमानदार और मेहनती अधिकारियों की आवश्यकता पर जोर देते हुए जतिन से काफी उम्मीदें जताईं।
जतिन उपाध्याय ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और प्राणपुर की मिट्टी को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर बीडीओ बनना चुनौतीपूर्ण था,
लेकिन लक्ष्य के प्रति समर्पण से सब संभव है। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे रहने और हार न मानने की अपील की।
अनुशासन के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा प्राप्त हुई
बड़े भाई निपम उपाध्याय ने बताया कि हम दोनों भाई को घर में प्रारंभिक दौर से ही हमारी मां जो अपने दौर कि इंग्लिश और हिंदी की बहुत अच्छी शिक्षिका रही है उनके द्वारा अनुशासन के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा प्राप्त हुई है।
अभिनंदन समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सिंह, वरिष्ठ पत्रकार विवेक सिंह ने जतिन उपाध्याय को बधाई देते हुए कहा कि बीडीओ के रूप में आपके चयन की खुशी और भी ज्यादा दुगनी होगी
जब सेवा काल के दौरान अपनी ईमानदार पारिवारिक पृष्ठभूमि बेदाग छवि की मिशाल पेश करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक और ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने जतिन को बधाई देते हुए पुष्प गुच्छ और फूलमाला पहनाते हुए शुभकामनाएं दी।
