बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर 5 अगस्त को मनाएगा 17वाँ स्थापना दिवस

प्रेस विज्ञप्ति

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर 5 अगस्त को मनाएगा 17वाँ स्थापना दिवस

*माननीय राज्यपाल-सह-कुलाधिपति ऑनलाइन माध्यम से होंगे समारोह में शामिल*

*कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं किसान सेवा की 16 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का होगा उत्सव*

बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर आगामी 5 अगस्त को अपना 17वाँ स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाने जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में बिहार के माननीय राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ऑनलाइन माध्यम से समारोह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रहेगी।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस कृषि शिक्षा, अनुसंधान, कृषि प्रसार एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की 16 वर्षों की उल्लेखनीय उपलब्धियों और योगदान का उत्सव है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, भविष्य की विकास योजनाओं तथा कृषि क्षेत्र में उभरती नई संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

*विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि* बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के बाद से शिक्षा, अनुसंधान एवं कृषि प्रसार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा प्रदान करना नहीं है बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान को किसानों के खेतों तक पहुँचाकर उनकी आय में वृद्धि करना, कृषि को आधुनिक बनाना तथा युवाओं को कृषि उद्यमिता की ओर प्रेरित करना भी है।

उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालय आधुनिक कृषि तकनीकों, जलवायु अनुकूल खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पोषण सुरक्षा, मूल्य संवर्धन, कृषि प्रसंस्करण, डिजिटल कृषि तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित 53 से अधिक उन्नत फसल किस्में तथा 79 से अधिक कृषि प्रौद्योगिकियाँ किसानों की आय वृद्धि एवं कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। अतिथियों के स्वागत, ऑनलाइन संबोधन की तकनीकी व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, मंच संचालन, प्रदर्शनी, मीडिया समन्वय तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ने अपनी 16 वर्षों की यात्रा में कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा ‘A’ ग्रेड, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से ‘A’ ग्रेड मान्यता तथा राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग (NIRF) में कृषि एवं संबद्ध विषयों के अंतर्गत लगातार स्थान प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित तकनीकों, नवाचारों तथा किसान-केंद्रित अनुसंधानों ने बिहार सहित देश के अनेक राज्यों के किसानों को लाभान्वित किया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, किसानों, पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनने का आह्वान किया है। यह स्थापना दिवस समारोह विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के साथ-साथ कृषि, विज्ञान, नवाचार एवं किसान कल्याण के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा तथा विकसित बिहार एवं विकसित भारत के निर्माण में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!