बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर का 17वाँ स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्टर/अमित कुमार
9798944840

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर का 17वाँ स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर का 17वाँ स्थापना दिवस आज बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह एवं चहल-पहल का वातावरण रहा। स्थापना दिवस समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के कर्पूरी सभागार में किया गया।

समारोह में बिहार के माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन आभासी माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में जुड़े। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा भी आभासी माध्यम से शामिल हुए। वहीं सभागार में बिहार सरकार के माननीय ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क मंत्री श्री श्रवण कुमार, भागलपुर के माननीय सांसद श्री अजय कुमार मंडल तथा कहलगाँव के माननीय विधायक श्री शुभानंद मुकेश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुई। माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति* ने विश्वविद्यालय परिवार को 17वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “एक शताब्दी से भी अधिक गौरवशाली इतिहास वाला यह संस्थान भारत की कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान व्यवस्था में एक विशिष्ट स्थान रखता है। हाल ही में प्राप्त नैक (NAAC) की ‘ए’ (A) ग्रेड मान्यता तथा जलवायु-अनुकूल (Climate-Resilient) फसल किस्मों के विकास में इसका महत्वपूर्ण योगदान इस विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट कार्य-संस्कृति का परिचायक है, जो हम सभी की सराहना का पात्र है।” उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर नहीं होता, बल्कि यह उन दायित्वों पर भी गंभीरता से विचार करने का अवसर है, जो भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करेंगे।

अपने उद्बोधन के उपरांत माननीय राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के अनुसंधान से विकसित विभिन्न उत्पादों का विमोचन किया, जिनमें अपराजिता के फूलों से निर्मित ब्लू टी, कटहल के बीजों से निर्मित आटा तथा हनी स्पून प्रमुख हैं। इसके साथ ही उन्होंने एआई आधारित चैटबॉट “एग्री-ग्रंथ” का भी विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!