कटिहार जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, चैन स्नैचर रंगे हाथ गिरफ्तार, साथ ही चोरी के 11 मोबाइल बरामद
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार, 06 अगस्त। कटिहार रेल पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। रेल थाना अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का सफल उद्भेदन किया है:
(1) चैन स्नैचर रंगे हाथ गिरफ्तार:
कटिहार रेलवे स्टेशन की सीढ़ियों पर एक महिला का चेन छीनकर भाग रहे स्थानीय आरोपी राहुल कुमार यादव को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। पीड़ित के लिखित आवेदन पर रेल थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(2) चोरी के 11 मोबाइल के साथ 3 गिरफ्तार:
इससे पूर्व, जीआरपी कटिहार ने प्लेटफार्म संख्या-4 स्थित केबिन ओवरब्रिज के पास विशेष जांच अभियान के दौरान तीन शातिर आरोपियों को चोरी के मोबाइलों के साथ गिरफ्तार किया।
बारिश कुमार यादव (साहिबगंज, झारखंड) – 5 मोबाइल
पीयूष चौहान (आसनसोल) – 4 मोबाइल
मोहम्मद एजाज उर्फ मोनू (कटिहार) – 2 मोबाइल कुल 11 चोरी किए गए मोबाइल फोन यात्रियों के बरामद किए गए हैं। इन सभी के विरुद्ध रेल थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
रेल प्रशासन का संदेश:
रेल थाना अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि रेलवे स्टेशन एवं रेल परिसरों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेल एसपी के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
