घर के विवाद से परेशान महिला ने गंगा में छलांग लगाने का किया प्रयास
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर। बरारी सीढ़ी घाट पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला गंगा नदी में डूबने लगी। घाट पर तैनात आपदा मित्रों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया गया कि घर में हुए विवाद से परेशान होकर महिला आत्महत्या के इरादे से बरारी सीढ़ी घाट पहुंची थी। वह नदी में डूबने लगी, तभी घाट पर तैनात आपदा मित्र अमित कुमार, रूपेश कुमार, मुनीलाल शाह, जनार्दन राम, संजीव कुमार और नीतीश कुमार की नजर उस पर पड़ी। आपदा मित्रों ने तत्काल नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद आपदा मित्रों ने डायल-112 की पुलिस टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाने की कार्रवाई की। महिला की पहचान रेणु देवी, पति ईश्वर चौधरी, निवासी हरिजन टोला, झाड़ू फैक्ट्री के समीप, बरगंज थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
आपदा मित्रों की तत्परता से महिला की जान बच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने भी आपदा मित्रों के इस प्रयास की सराहना की।
