कोसी स्नातक MLC चुनाव की तैयारियों को लेकर भागलपुर पहुंचे प्रशांत किशोर, प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर शुक्रवार को भागलपुर के जीरो माइल स्थित ‘सरोज वाटिका मैरिज गार्डन (हैप्पी वैली स्कूल)’ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। बैठक में भागलपुर, नवगछिया, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा के पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनाव अभियान की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से संवाद बढ़ाने तथा क्षेत्र में चुनाव अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव की तैयारियों को लेकर जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।
बता दें कि जन सुराज पार्टी आगामी MLC चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी हुई है। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। प्रशांत किशोर ने इससे पहले पूर्णिया में भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इससे पहले सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और चंपारण में भी चुनावी तैयारियों को लेकर बैठकें हो चुकी हैं। वह सभी निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं और उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा कर रहे हैं। सभी निर्वाचन क्षेत्रों में पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के क्रम में आज यह आखिरी बैठक थी। इसके बाद जल्द ही उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी।
भागलपुर की बैठक में प्रदेश महासचिव अरविंद साह, जिला अध्यक्ष सुशील सिंह, जिला महामंत्री मो. साबिर, जोनल मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक, राकेश यादव, हर्षप्रीत सिंह, सुधांशु यादव, वंदना झा, सुजाता वैद्य, इंतसार आलम, सिकंदर पासवान सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
