बांका बाराहाट बाजार में दो मिनट में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर

बांका बाराहाट बाजार में दो मिनट में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुआ शातिर चोर

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

बांका जिले के बाराहाट बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात बाराहाट बाजार स्थित आराध्या ज्वेलर्स में हुई। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध युवक दुकान के अंदर से आभूषण लेकर निकलता दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार, आराध्या ज्वेलर्स के प्रोपराइटर ललन कुमार साह, पिता नंदकुमार साह मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान वे महज दो मिनट के लिए दुकान के पास स्थित वॉशरूम चले गए। दुकान को खाली पाकर पहले से मौके की ताक में बैठा एक युवक अंदर घुस गया और काउंटर में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।दुकानदार के अनुसार, चोरी गए आभूषणों का वजन करीब 28 ग्राम 750 मिलीग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। वॉशरूम से लौटने के बाद दुकानदार ने काउंटर पर नजर डाली तो आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक दुकान के अंदर आता और मौका मिलते ही आभूषण लेकर तेजी से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद चोर का पीछा करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में ज्वेलरी दुकान से हुई इस चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!