भागलपुर के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने बरारी स्थित बियाडा घाट का किया निरीक्षण, वैकल्पिक यातायात एवं फेरी सेवा की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

भागलपुर के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने बरारी स्थित बियाडा घाट का किया निरीक्षण, वैकल्पिक यातायात एवं फेरी सेवा की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

भागलपुर, विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के बाद आम लोगों की सुविधा के लिए संचालित वैकल्पिक यातायात एवं फेरी सेवा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के क्रम में भागलपुर के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने बरारी स्थित बियाडा घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर यात्रियों के आवागमन, जहाजों के परिचालन, बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग पॉइंट, जेटी की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विकसित किए गए तीन बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग पॉइंट की व्यवस्था की समीक्षा की गई। जहाजों के निरीक्षण में उनका स्लोप (ढलान) अपेक्षाकृत अधिक पाया गया। इस पर जहाजों के ढलान को कम करने तथा यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जेटी की ऊंचाई बढ़ाने और जलस्तर में होने वाले बदलाव के अनुरूप आवश्यक प्रबंध करने पर जोर दिया गया।
गंगा नदी के जलस्तर की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि पिछले 12 घंटों में जलस्तर में लगभग छह सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए जलस्तर की लगातार निगरानी करने तथा परिस्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि फेरी सेवा का परिचालन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फेरी सेवा में जहाजों की संख्या बढ़ाकर 12 करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि वर्तमान में लगभग छह जहाजों का परिचालन हो रहा है। यात्रियों की आवश्यकता, जलस्तर एवं परिचालन की स्थिति के अनुरूप जहाजों की संख्या बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में मालवाहक जहाजों के परिचालन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।
घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष, मेडिकल कैंप एवं एंबुलेंस की व्यवस्था
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष, अस्थायी मेडिकल कैंप तथा एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को आवश्यक सहायता एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से भोजन हेतु रसोई की व्यवस्था की गई है तथा जरूरतमंद यात्रियों के रात्रि विश्राम के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है।
*निरीक्षण के दौरान भागलपुर के आईजी श्री विवेक कुमार, जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव तथा आयुक्त के सचिव श्री विनोद कुमार सिंह उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!