जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक बैठक आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का डीएम ने दिया निर्देश
किशनगंज:- आज दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, आवेदनों एवं पत्रों के निष्पादन की स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी भी मामले को लंबित न रखा जाए।
बैठक में विशेष रूप से सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी एवं नीलाम पत्रवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित पत्रों एवं वादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त एसी/डीसी बिलों के यथाशीघ्र समायोजन करने , सीएम डैशबोर्ड, जिला पदाधिकारी जनता दरबार, आरटीपीएस, सीपीग्राम, पीएमओ पोर्टल तथा विधानसभा सचिवालय से प्राप्त आवेदनों एवं पत्रों की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
समीक्षा के क्रम में राजस्व, डीआरडीए, पंचायती राज, स्थापना, नजारत, निर्वाचन, विधि शाखा, आपूर्ति, सामान्य शाखा, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-अर्जन एवं सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शाखाओं एवं विभागों से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग/शाखा से संबंधित लंबित मामलों की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए यथा शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से संबंधित आवेदनों एवं शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलांतर्गत सभी विद्यालयों/ सभी स्वास्थ्य केंद्रों का रंग रोगन, साफ-सफाई दिवाली पूर्व हर हाल में करना सुनिश्चित करेंगे ।
कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि हर घर नल का जल हर घर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे ।
संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, एससी/ एसटी महिला छात्रावास निर्माण, पिछड़ा/ अति पिछड़ा स्कूल निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे ।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन एवं आगामी पर्व त्यौहार के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिलान्तर्गत सभी शस्त्रों का सत्यापन यथाशीघ्र सुनिश्चित करेंगे ।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जिलांतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना से आच्छादित शत प्रतिशत लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण शीघ्र सुनिश्चित करेंगे ।
सभी कार्यालय प्रधान को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वित्त विभाग के निर्देशानुसार अनुपयोगी बैंक खाते को हर हाल में अविलंब रूप से बंद करना सुनिश्चित करेंगे ।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन ,अपर समाहर्ता विभागीय जांच , जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला योजना पदाधिकारी सहित संबंधित विभाग यथा शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, भवन निर्माण आदि के पदाधिकारी गण उपस्थित थे ।
