डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
आरपीएफ ने सुल्तानगंज स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी का किया भंडाफोड़; ₹16.09 लाख के 32 किलो से अधिक गांजा के साथ दो गिरफ्तार
कोलकाता, 22 नवंबर, 2026:
रेलवे सुरक्षा बल, पूर्व रेलवे ने 20 नवंबर, 2026 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय के शून्य-सहिष्णुता संबंधी दिशा-निर्देशों तथा पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमिय नंदन सिन्हा के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 32 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,09,500 है।
20 नवंबर, 2026 को सुबह लगभग 08:00 बजे जमालपुर की अपराध खुफिया शाखा की टीम को सुल्तानगंज स्टेशन के रास्ते गांजा तस्करी किए जाने की गोपनीय सूचना मिली। इस सूचना से आरपीएफ, जमालपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त श्री अजय कुमार को अवगत कराया गया। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के प्रशासनिक सहयोग से सीआईबी/जमालपुर और ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों की एक विशेष संयुक्त टीम ने स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू किया।
लगभग 11:55 बजे टीम ने दो पुरुषों और दो महिलाओं को प्लेटफॉर्म संख्या 01 से प्लेटफॉर्म संख्या 02 की ओर रेलवे ट्रैक पार करते हुए देखा। उनके पास कई हैंडबैग और पिठ्ठू बैग थे। इनमें पुरुष के पास 3-4 तथा महिला के पास 2-3 बैग थे। जब टीम ने उन्हें रुकने के लिए कहा, तो वे तेजी से प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर बने फुटओवर ब्रिज के नीचे मौजूद भीड़ की ओर बढ़ने लगे। भीड़ का फायदा उठाकर एक पुरुष और एक महिला मौके से फरार हो गए, जबकि टीम ने एक पुरुष और एक महिला को आठ हैंडबैग/पिठ्ठू बैग के साथ पकड़ लिया।
शुरुआत में घबराए हुए और टालमटोल करने वाले दोनों व्यक्तियों ने पूछताछ के दौरान गांजा ले जाने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने अपनी पहचान रंजीत कुमार (35 वर्ष) और रेणु देवी (40 वर्ष) के रूप में बताई। उन्होंने फरार हुए अपने साथियों की पहचान रंजीत कुमार की पत्नी मनीषा देवी और रेणु देवी के पुत्र जज कुमार के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप सड़क मार्ग से कूचबिहार (कूच विहार) से सुल्तानगंज लेकर आए थे और इसे विक्रमशिला एक्सप्रेस से आनंद विहार ले जाने की योजना थी।
एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किए जाने के बाद सुल्तानगंज के राजस्व अधिकारी से मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित होने का अनुरोध किया गया, लेकिन क्षेत्रीय कार्यों में व्यस्तता के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। इसके बाद तलाशी की कार्रवाई एक राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न की गई। रेणु देवी के चार बैगों की तलाशी लेने पर पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए पॉलीथीन में लिपटे चार पैकेट बरामद हुए, जिनका इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल वजन 17 किलो 200 ग्राम पाया गया। वहीं, रंजीत कुमार के चार बैगों से भी इसी प्रकार पुराने कपड़ों में छिपाकर रखे गए पॉलीथीन में लिपटे चार पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 14 किलो 990 ग्राम था। इस प्रकार कुल 32 किलो 190 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹16,09,500 आंकी गई। विधिवत जब्ती सूची तैयार करने के बाद बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जीआरपी/भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ और जीआरपी के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय की सराहना करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा-“पूर्व रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को सुरक्षित रखने के लिए अवैध तस्करी के सभी प्रकारों के विरुद्ध कड़ी सतर्कता बरतने तथा सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
