ठाकुरगंज। मंगलवार को ठाकुरगंज मस्तान चौक के समीप हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार निवासी – कुरलीकोर्ट के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार बाइक से ठाकुरगंज निजी काम से आए थे। इसी दौरान डीलक्स भट्ठा का ट्रैक्टर उन्हें चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। शव को लेकर वे डीलक्स भट्ठा पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन और वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया जा सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आक्रोशित लोगों को शांत कराने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अंचल अधिकारी ने हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी मुआवजा देने का आश्वासन दिया। वहीं, ग्रामीणों ने दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
इस हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
