महाशय डोरी चंपानगर में 75 वर्षों से चली आ रही परंपरा, धूमधाम से मनाई जा रही गणेश पूजा

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।

27 अगस्त 2025 को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर महाशय डोरी चंपानगर में श्री श्री 108 गणेश पूजा समारोह समिति द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश पूजा का भव्य आयोजन किया गया। पूरे पंडाल को आकर्षक सजावट से सजाया गया तथा बांग्ला विधि विधान से गणेश जी की प्रतिमा की स्थापना की गई। पूजा पाठ का कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

पूजा के उपरांत तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 28 अगस्त को सामाजिक कार्यक्रमों के अंतर्गत शिव चर्चा आयोजित की जाएगी। वहीं, 29 अगस्त को शाम 4 बजे महाशय डोरी परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नरगा चौक, सीटीएस, नाथनगर चौक, मनोकामना नाथ मंदिर, नाथनगर थाना, मदनी नगर, ताती बाजार रोड, विषहरी स्थान होते हुए एमटीएन घोष रोड से गुजरते हुए बंगाली टोला घाट पहुंचेगी, जहां प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

महाशय डोरी की गणेश पूजा का इतिहास 75 वर्ष से भी पुराना है, जिसके कारण यह पूजा क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है। इस दौरान परिसर में तीन दिनों तक मेला भी आयोजित किया जाता है, जहां महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ती है। खास बात यह है कि इस पूजा में अल्पसंख्यक समुदाय और हिंदू परिवार मिलजुलकर शामिल होते हैं और श्रद्धा भाव से कार्यक्रम का आनंद उठाते हैं।

पूजा समिति के माध्यम से इस वर्ष श्री रितेश यादव को मेडपति मनाया गया है। आसपास के सभी मोहल्ले भी इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं और सहयोग प्रदान करते हैं।

यह अनूठा आयोजन केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!