डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
बीएयू सबौर को मिली ASSIST परियोजना की स्वीकृति, कृषि विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे उद्यमिता और रोजगार के नए अवसर
*‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब प्रोवाइडर’ बनाने की दिशा में बिहार कृषि विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल*
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर के लिए यह गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि विश्वविद्यालय के अधीन सभी 9 अंगीभूत महाविद्यालयों में **ASSIST (Agriculture Students Securing Industrial and Start-up Training)** मॉडल के क्रियान्वयन हेतु बिहार सरकार के कृषि विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक कुल **₹4.80 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति** प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के क्रियान्वयन के लिए ₹90 लाख के सहायक अनुदान को भी स्वीकृति मिली है।
विश्वविद्यालय पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना, तैयारी एवं विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इस परियोजना की स्वीकृति कृषि शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, कौशल-आधारित और रोजगारोन्मुख बनाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों को नई गति प्रदान करेगी।
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को कृषि आधारित उद्योगों, सफल स्टार्टअप, उद्यमियों एवं ग्राम स्तरीय गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। बायोफर्टिलाइजर, बायोपेस्टीसाइड, मशरूम उत्पादन, टिशू कल्चर, वर्मीकम्पोस्ट, शहद उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण एवं अन्य बाजारोन्मुख क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वरोजगार और स्टार्टअप स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
“बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ASSIST परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए हम बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा जी एवं कृषि विभाग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। विश्वविद्यालय पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से इस परियोजना को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। यह पहल कृषि विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़ने, उनके कौशल विकास, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि कृषि क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित कर स्वयं के साथ-साथ अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।” – **डॉ. डी. आर. सिंह**, माननीय कुलपति, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर इस महत्वपूर्ण पहल के लिए माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा जी एवं बिहार सरकार के कृषि विभाग के प्रति पुनः आभार व्यक्त करता है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा, व्यावहारिक कौशल और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प के साथ आगे बढ़ता रहेगा।
