भागलपुर। संवाददाता शुभम कुमार
भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनहीनता का मामला सामने आने से आक्रोश फैल गया ¸है। श्राद्ध भोज के दौरान करंट लगने से पंकज कुमार नामक युवक की मौत हो गई थी। परिजन जब अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे थे, तभी मौके पर पहुंचे सन्हौला थानेदार राजेश कुमार ने मृतक के परिजनों से अमर्यादित टिप्पणी कर दी।
वायरल वीडियो में थानेदार को परिजनों से कहते हुए सुना जा सकता है— “मुख्यमंत्री के पास जाओ, पुलिस का काम नहीं है इलाज करवाना।” इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा, “जिसे वोट देते हो, उसी से जाकर पूछो।” इस टिप्पणी ने परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा और भड़का दिया।
पीड़ित परिजनों ने थानेदार पर धमकाने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी नाराज़गी देखी जा रही है। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र शाह ने थानेदार के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए था, लेकिन उल्टा उन्हें अपमानित किया गया। मामले में विभागीय जांच की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अब तक पुलिस प्रशासन या वरीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों और मृतक के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि वरीय पुलिस अधीक्षक इस पूरे विवाद पर क्या कदम उठाते हैं।
