संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को महापौर महोदया ने वार्ड संख्या 32 एवं 06 में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
वार्ड संख्या 32 में 15,00,085 रुपए की लागत से सड़क, ढक्कन सहित नाला और प्याऊ निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। वहीं, वार्ड संख्या 06 में 16,91,202 रुपए और 6,14,086 रुपए की लागत से सड़क व नाला निर्माण कार्य का उद्घाटन उप महापौर महोदय के साथ संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के बाद महापौर महोदया ने वार्ड संख्या 32 एवं 06 का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ठोस प्रक्रिया अपनाकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 32 की पार्षद मीरा राय, पार्षद प्रतिनिधि पप्पू जी, निगम के अभियंता, संवेदक व स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं वार्ड संख्या 06 में पार्षद मनोज पासवान, नगर निगम के अभियंता, संवेदक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम का हिस्सा बने।
