जीविका निधि शुभारंभ कार्यक्रम में किशनगंज की जीविका दीदियों की सहभागिता

बिहार ब्यूरो, नजमुल हसनैन उर्फ जकी

किशनगंज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर किशनगंज जिले की जीविका दीदियों ने भी सामूहिक रूप से कार्यक्रम में भागीदारी की।

जिला मुख्यालय स्थित सम्राट अशोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की मौजूदगी रही। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी विशाल राज, डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा सहित जिला प्रशासन और जीविका से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

किशनगंज के सभी सात प्रखंड मुख्यालयों में भी जीविका दीदियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस शुभारंभ कार्यक्रम से जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त जिले के अंतर्गत सभी 32 संकुल संघों एवं 200 से अधिक स्थानों पर सामूहिक रूप से जीविका दीदियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

जीविका निधि की शुरुआत से महिलाओं को सुलभता से ऋण उपलब्ध हो सकेगा। इससे व्यावसायिक बैंकों पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की जीविका दीदियों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक पूंजी आसानी से मिल पाएगी। ऋण की सुविधा से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी तथा पूंजी के प्रवाह से स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा।

गौरतलब है कि किशनगंज जिले में वर्तमान में 20 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 2 लाख 30 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। जीविका निधि की इस नई पहल से इन सभी दीदियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!